म्योपुर हवाई पट्टी मार्ग विस्तारीकरण में पेंटिंग का कार्य शुरू
- फोटो : SONBHADRA
म्योरपुर। कस्बे में रीजनल कनेक्टिविटी स्कीम के तहत बन रहे हवाई अड्डे के निर्माण का कार्य तेजी से चल रहा है। हवाई अड्डे को जोड़ने वाले मार्ग की पेंटिंग का कार्य शुरू हो गया।
लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों की मौजूदगी में पेंटिंग का कार्य दिनभर चलता रहा। पेंटिंग के कार्य को लेकर लोगों ने हर्ष जताया है। म्योरपुर हवाई अड्डे के निर्माण के साथ ही हवाई अड्डा जाने वाले मार्ग की भी पेंटिंग का काम रविवार से शुरू हो गया। मुर्धवा-बीजपुर मार्ग से करीब दो किलोमीटर की सड़क का निर्माण संबंधित ठेकेदारों द्वारा कराया जा रहा है। अवर अभियंता नंदलाल की मौजूदगी में शुरू हुए कार्य को लेकर मार्ग गुणवत्तायुक्त बनाए जाने की बात कही जा रही है। हवाई अड्डे के निर्माण के साथ ही विभिन्न विभागों को अपने-अपने कार्य करने को लेकर दबाव बना हुआ है। बिजली विभाग जहां खंभों को हटाकर अंडरग्राउंड केबल बिछाने के कार्य में तेजी ला रहा है, वहीं लोक निर्माण विभाग भी सड़क को पेंट करने के लिए दिन रात एक किए हुए हैं। बीते दिनों मुख्यमंत्री द्वारा स्वयं हवाई अड्डे के विस्तार को लेकर समीक्षा की गई थी। इसे लेकर लगातार प्रशासनिक अधिकारियों का आना जाना लगा हुआ है, यही नहीं विस्तारीकरण में आ रही दिक्कतों को दूर करने का हर संभव प्रयास किया जा रहा है ताकि कार्य जल्द पूरा हो सके। जिलाधिकारी एस राजलिंगम ने भी हवाई पट्टी का दौरा कर कार्यों की समीक्षा की थी। इसके बाद से ही कार्यों में तेजी आ गई है। एयरपोर्ट अथारिटी आफ इंडिया की ओर से हो रहे कार्यों में दिक्कत न आए, इसके लिए प्रशासनिक स्तर से हरसंभव मदद की जा रही है।