शहर कोतवाली क्षेत्र के उरमौरा गांव में सड़क निर्माण कंपनी चेतक द्वारा मनमाने ढंग से सड़क का निर्माण कार्य कराने का आरोप लगाते हुए भाजपाइयों ने शुक्रवार को इमरती गांव में विरोध प्रदर्शन किया।
एसडीएम हर्षदेव पांडेय और शहर कोतवाल अबरार अहमद ने कंपनी के कर्मचारियों को मौके पर बुला कर जलनिकासी की व्यवस्था कराने का निर्देश दिया। एसडीएम के आश्वासन पर विरोध प्रदर्शन करने वाले शांत हुए।
भाजपा जिलाध्यक्ष भूपेश चौबे ने कहा कि वाराणसी-शक्तिनगर मार्ग के निर्माण कार्य में व्यापक पैमाने पर अनियमितता बरती जा रही है। चेतक कंपनी सड़क के दोनों पटरियों को खोद कर छोड़ दी गई हैं, जिससे आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। इमरती कालोनी का पानी निकासी पूर्णतया बाधित होने से हैंडपंप दूषित पानी उगल रहे हैं।
उक्त पानी का सेवन करने से लोगों को विभिन्न प्रकार की बीमारी हो रही है। इसके बावजूद चेतक कंपनी जलनिकासी की समुचित व्यवस्था नहीं कर रही है। कहा कि सड़क का निर्माण कार्य पूर्ण नहीं हुआ है, फिर भी कंपनी टोल टैक्स वसूल रही है। नगर के चंडी होटल, बढ़ौली चौराहा, मिशन हास्पिटल के पास प्रतिदिन जाम लग रहा है।
जिला महामंत्री आलोक सिंह, अजीत चौबे, कमलेश चौबे, संतोष शुक्ला और संजय जायसवाल ने कहा कि जगह-जगह सड़क का कार्य अपूर्ण हे। प्रदेश सरकार के इशारे पर टोल प्लाजा पर वसूली की जा रही है। चेतावनी देते हुए कहा कि शीघ्र जलनिकासी की व्यवस्था व टोल प्लाजा की वसूली बंद नहीं हुई तो वृहद आंदोलन किया जाएगा। इस मौके पर रजनीश रघुवंशी, मंटू मिश्रा, पप्पू राय, आलोक मिश्र, सुनील सिंह, राजेश आदि रहे।