जल्द ही अनपरा नगर पंचायत कार्यालय भवन का निर्माण शुरू हो जाएगा। शासन ने निर्माण के लिए 50 लाख रुपये की पहली किस्त भी जारी कर दी है। शासन की तेजी को देखते हुए विधानसभा चुनाव के पूर्व कार्यालय भवन का निर्माण कार्य पूरा होने की संभावना जताई जा रही है। गठन होने के डेढ़ वर्ष बाद भी अभी तक अनपरा नगर पंचायत का अपना कार्यालय नहीं है। अभी अनपरा बाजार स्थित सचिवालय भवन में काम हो रहा है। यहां जगह कम होने से कार्य निष्पादन में मुश्किल होती है। अधिशासी अधिकारी भारत सिंह ने बताया कि सरकार की मंशा व जन समस्या को देखते हुए शासन ने कार्यालय भवन के निर्माण को मंजूरी दे दी है। निर्माण के लिए सीएंडडीएस को पचास लाख रुपये की पहली किस्त भी जारी कर दी गई है। टेंडर के बाद कार्यालय भवन का निर्माण शुरू करा दिया जाएगा। कार्यालय के लिए अवधूत महाविद्यालय मार्ग पर भूमि का निर्धारण किया गया है।