शक्तिनगर। लंबे इंतजार के बाद खस्ताहाल खड़िया-कोटा बाइपास सड़क का सोमवार को निर्माण शुरू होने से ग्रामीणों में खुशी की लहर दौड़ गई। इस सड़क की मरम्मत में करीब 56 लाख रुपये खर्च होंगे। सोमवार को निर्माण कार्य का एनटीपीसी अधिकारियों व ग्रामीणों की मौजूदगी में कोटा के पूर्व प्रधान प्रमोद तिवारी ने नारियल तोड़कर शुभारंभ किया। एनटीपीसी सिंगरौली (शक्तिनगर) की स्वामित्व वाली इस सड़क का उपयोग तारापुर, परसवार चौबे, कोटा व शक्तिनगर के रहवासियों के साथ मध्यप्रदेश के लोग करते हैं। बीते कई साल से मरम्मत के अभाव में सड़क खस्ताहाल हो गई थी। यूपी को एमपी से जोड़ने वाली इस बाइपास सड़क का निर्माण नहीं होने पर ग्रामीणों ने नाराजगी जाहिर की और पावर प्रोजेक्ट प्रबंधन के साथ जिले के मुखिया को पत्र लिखकर आंदोलन को चेताया। एनटीपीसी के अधिकारियों ने बताया कि बाइपास सड़क के 2300 मीटर हिस्से का मरम्मत की जाएगी। आशीष चौबे, शिवम, छठीलाल केसरवानी, अमित आदि ने निर्माण पर प्रसन्नता जाहिर करते हुए कहा कि कोटा से तेलगवां (मप्र) और शक्तिनगर के बीच भी सड़क क्षतिग्रस्त हो चुकी है। इसके निर्माण के लिए भी संबंधित अधिकारियों को अवगत कराया जाएगा।