सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कोन के संचालन और डॉक्टर के तैनाती की मांग को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सीएमओ को ज्ञापन सौंपा। जिला महासचिव विनयकांत चतुर्वेदी के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने सीएचसी की दुर्व्यवस्था से भी अवगत कराया। बताया कि कोन में पिछले छह माह से कोई डॉक्टर नहीं है। इस महामारी के दौर में भी ग्रामीणों का जीवन राम भरोसे चल रहा है। कोन में दो वर्ष पहले सीएचसी की नवीन भवन बनकर तैयार है, लेकिन किसी डॉक्टर की पोस्टिंग अब तक नहीं हुई। वहीं पीएचसी में भी कोई डॉक्टर नहीं है। ऐसे में लोगों को गांव में अप्रशिक्षित और झोलाछाप से इलाज कराना पड़ रहा है। कहा कि अगर एक सप्ताह में डॉक्टर की तैनाती नहीं हुई तो कांग्रेसी सड़क पर उतर धरना प्रदर्शन के लिए बाध्य होंगे।