अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के ओबीसी विभाग के नेशनल कोऑर्डिनेटर और छत्तीसगढ़ के पूर्व मंत्री लक्ष्मी प्रसाद गुप्ता बुधवार को घोरावल विधानसभा क्षेत्र के कुसुम्हा गांव पहुंचे। यहां उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम सेनानी मंगल बियार ट्रस्ट की ओर से आयोजित सामाजिक न्याय सम्मेलन में हिस्सा लिया। मुख्य अतिथि लक्ष्मी प्रसाद गुप्ता और विशिष्ट अतिथि पिछड़ा वर्ग आयोग के प्रदेश उपाध्यक्ष सेतराम केशरी ने मंगल बियार की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस अवसर पर लक्ष्मी प्रसाद गुप्ता ने कहा कि कांग्रेस ने सदैव सामाजिक न्याय, आर्थिक और राजनीतिक न्याय के लिए काम किया। आजादी के बाद कांग्रेस सरकारों ने सदैव दबे कुचले पिछड़े अल्पसंख्यक वर्ग के उत्थान की नीतियां बनाई। उन्होंने बियार समाज को राजनीति में सहभागिता और सम्मान दिलाने का आश्वासन दिया। स्वतंत्रता संग्राम सेनानी मंगल बियार स्मारक प्रांगण में आयोजित कार्यक्रम में इस मौके पर अशोक यादव, शीतल पटेल, सूरज वर्मा, रामेश्वर यादव, युवक कांग्रेस के नेता आशुतोष दुबे ने सामाजिक न्याय के संबंध में कांग्रेस के योगदान का वर्णन किया।