बीजपुर में कंपोजिट व देशी शराब दुकानों का जांच पड़ताल करती आबकारी टीम। संवाद
बीजपुर। आबकारी विभाग की टीम ने शुक्रवार की रात बीजपुर बाजार स्थित कंपोजिट शराब दुकानों की जांच की। कार्रवाई के दौरान अनधिकृत रूप से बीयर की दुकान चलाने वाले भाग गए। इसमें कुछ दुकानों में मुख्य प्रवेश द्वार के अलावा पीछे के अतिरिक्त दरवाजे पाए गए, इन्हें विभाग ने तत्काल सील कर दिया और संचालकों को चेतावनी दी। साथ ही दुकानों के स्टॉक रजिस्टर की गहन जांच की गई। एक दुकान में अनियमितता मिलने पर उसका स्टॉक रजिस्टर जब्त कर लिया गया। आबकारी टीम ने आसपास संचालित अवैध बैठकों और खुलेआम शराब सेवन पर भी सख्त रुख अपनाया। अधिकारियों ने स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी दुकान या उसके आसपास अवैध रूप से बैठाकर शराब पिलाने की अनुमति नहीं है। नियमों का उल्लंघन करने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। कार्रवाई के दौरान दुकानों के कर्मचारियों ने बताया कि देर रात कुछ लोग दबाव बनाकर शराब की मांग करते हैं और मना करने पर अभद्र व्यवहार करते हैं। इस पर विभाग ने ऐसे मामलों में तत्काल सूचना देने और सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया। आबकारी निरीक्षक रविनंदन कुमार ने बताया कि दो दुकानों में अतिरिक्त दरवाजे मिलने पर उन्हें सील किया गया है और एक दुकान का स्टॉक रजिस्टर जब्त किया गया है। सभी दुकानों को निर्धारित समय पर खोलने और बंद करने के निर्देश दिए गए हैं।