शक्तिनगर। स्थानीय थाना क्षेत्र के एमजीआर रहवासी क्षेत्र में कारोबारी के घर से दस लाख रुपये नकदी व जेवरात चोरी हो गए। घटना के वक्त परिवार शादी समारोह में शामिल होने गया था। लौटने पर उन्हें घटना की जानकारी हुई तो पुलिस को सूचना दी।
एमजीआर रहवासी क्षेत्र निवासी चिंटू कुमार मेला सहित अन्य सार्वजनिक स्थानों पर मनोरंजन के साधनों के जरिये व्यवसाय करते हैं। हाल में ज्वालामुखी मंदिर मेला परिसर में उन्होंने साधनों का उपयोग किया था। चिंटू कुमार ने पुलिस को दी तहरीर में बताया गया है कि 28 अप्रैल को वह सपरिवार मध्य प्रदेश के बैढ़न (सिंगरौली) में एक विवाह समारोह में शामिल होने गए थे। भोर करीब चार बजे घर लौटने पर मुख्य दरवाजा अंदर से बंद पाया। काफी प्रयास के बावजूद दरवाजा नहीं खुलने पर पड़ोसियों की मदद ली। एक व्यक्ति दीवार फांदकर आंगन में पहुंचा और अंदर से दरवाजा खोला। जाने पर कमरे के पीछे वाले दरवाजे की लोहे की चादर नीचे से उखड़ी मिली। इसी रास्ते चोरों के प्रवेश करने की आशंका जताई जा रही है। पीड़ित के अनुसार घर में एक बक्से रखा लगभग 10.45 लाख रुपये नकद और करीब 10 ग्राम सोने के आभूषण गायब हैं। घटना पर प्रभारी निरीक्षक सत्येंद्र कुमार राय ने बताया कि इस घटना की जानकारी उन्हें है, लेकिन पुलिस घटना से संबंधित सभी पहलुओं का बारीकी से अध्ययन करेगी।