सोनभद्र। स्कूलों के कायाकल्प योजना के तहत अधूरे रह गए कार्यों को कार्यदायी संस्थाओं को 15 दिन में पूरा कराने की हिदायत दी गई है। खंड विकास अधिकारियों व खंड शिक्षा अधिकारियों को कार्य पूरा होने पर संयुक्त रूप से प्रमाण पत्र प्रस्तुत करने को भी कहा गया है। कार्य में लापरवाही की शिकायत मिलने पर जिम्मेदारी तय करने की चेतावनी भी दी गई है।
जिलाधिकारी एस राजलिंगम ने शनिवार को स्कूलों के कायाकल्प के कार्य में अब तक हुई प्रगति की संबंधित अधिकारियों के साथ कलेक्ट्रेट में बैठक कर समीक्षा की। इस दौरान जिलाधिकारी व सीडीओ डा अमित पाल शर्मा ने अधिकारियों को परिषदीय स्कूलों में सबमर्सिबल, पानी की टंकी, शौचालय, रसोई घर, ब्लैक बोर्ड सहित अन्य कार्यों को निर्धारित समय में पूरा कराने की हिदायत दी। आगाह किया कि निर्माण कार्य की गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। जांच में गुणवत्ता खराब मिलने पर संबंधित अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। जिलाधिकारी ने संबंधित खंड शिक्षा अधिकारियों व खंड विकास अधिकारियों को कार्य पूरा होने पर संयुक्त रूप से प्रमाण पत्र प्रस्तुत करने की हिदायत दी। बैठक में बीएसए डॉ गोरखनाथ पटेल के अलावा खंड विकास अधिकारी व खंड शिक्षा अधिकारी भी मौजूद रहे।