सोनभद्र। कोरोना की वजह से तीन माह तक स्थगित संपूर्ण समाधान दिवस फिर शुरु हो गया है। अब संपूर्ण समाधान दिवस मंगलवार की जगह शनिवार को कर दिया गया है। महीने के तीसरे शनिवार को जिले के चारों तहसीलों में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में पहले दिन फरियादियों की संख्या कम रही। कुल 139 मामलों में महज 26 मामलों का समाधान किया गया। शेष मामलों का समाधान करने का निर्देश दिया गया। जिलाधिकारी अभिषेक सिंह व अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. राजीव कुमार सिंह ने राबर्ट्सगंज तहसील सभागार में फरियादियों की समस्याएं सुनीं। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को जन कल्याणकारी कार्यक्रमों पर विशेष ध्यान देने और समस्याएं दूर करने का निर्देश दिया। यहां कुल 55 मामले आए। पांच का समाधान हुआ। तीन मामले को टीम भेजकर निस्तारित कराया गया। इस प्रकार कुल आठ मामले निस्तारित हुए। शेष 47 मामलों को एक सप्ताह के अंदर निस्तारित करने के निर्देश दिए। इस मौके पर एसडीएम कृपाशंकर पांडेय, सीओ राजकुमार त्रिपाठी, तहसीलदार बीके वर्मा, सीएमओ डॉ. नेम सिंह, डीडीओ रामबाबू त्रिपाठी मौजूद रहे। दुद्धी: उप जिलाअधिकारी रमेश कुमार ने फरियादियों की समस्याएं सुनीं। कुल 37 शिकायतें आई जिसमें दो मामले का मौके पर समाधान किया गया। छह मामले टीम भेजकर निस्तारित किया गया। इस मौके पर सीओ रामाशीष यादव, तहसीलदार विकास पांडेय, बीडीओ आदि उपस्थित रहे। घोरावल: अपर जिलाधिकारी योगेंद्र बहादुर सिंह ने समस्याएं सुनीं। कुल 47 मामलों में पांच का समाधान किया गया। पांच मामले निस्तारित करने के लिए टीम गठित कर भेजा गया। इस तरह कुल 10 मामलों का निस्तारण हुआ। इस मौके पर एडिशनल एसपी विनोद कुमार, तहसीलदार सुरेश शुक्ला, बीईओ उदय शंकर राय उपस्थित रहे। इसी तरह ओबरा तहसील सभागार में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में आए फरियादियों की समस्याओं का निस्तारण किया गया।
प्रधान ने की पंचायत मित्र को हटाने की मांग
राबर्ट्सगंज तहसील सभागार में जिलाधिकारी की अध्यक्षता में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में मारकुंडी के ग्राम प्रधान उधम सिंह यादव ने पंचायत मित्र की शिकायत करते हुए उनको हटाने की मांग की। आरोप लगाया कि गरीबों के लिए आई सरकारी योजनाओं के धन में गलत तरीके से आहरण किया जा रहा है। यह भी बताया कि प्रार्थना पत्र वापस लेने के लिए उन पर दबाव बनाया जा रहा है।
सरकारी बोर में सबमर्सिबल डालने की शिकायत
मधुपुर भवानीपुर गांव के प्यारेलाल ने संपूर्ण समाधान दिवस पर प्रार्थना पत्र देकर कुछ लोगों पर सरकारी हैंडपंप के लिए हुए बोर में सबमर्सिबल डालने की शिकायत की है। कहा कि गांव का एक व्यक्ति सबमर्सिबल लगाकर फसल की सिंचाई कर रहा है और राहगीरों को पीने के पानी के लिए भटकना पड़ रहा है। ऐसे में मामले को गंभीरता से लेकर इसका समाधान कराया जाए।