फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Sonebhadra News: मुख्य सचिव से की थी शिकायत, बैरियर पर हंगामे के आरोप में 25 पर मुकदमा दर्ज

विज्ञापन
विज्ञापन
लोढ़ी स्थित खनिज बैरियर पर हंगामा और जांच प्रभावित करने के आरोप में रॉबर्ट्सगंज कोतवाली पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। इसमें सोनांचल ट्रक ऑनर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष कमल किशोर सिंह समेत 25 लोगों को नामजद किया गया है, जबकि कई अज्ञात भी शामिल हैं।
विज्ञापन

घटना तीन फरवरी की देर शाम की बताई जा रही है। इसी दिन मुख्य सचिव से संगठन ने मिलकर खनिज अधिकारियों की शिकायत भी की थी। नामजद किए गए ज्यादातर आरोपी ट्रक मालिक हैं। खान निरीक्षक की तहरीर पर पुलिस ने यह कार्रवाई की है।
उधर, एसोसिएशन ने आरोपों को फर्जी बताते हुए उत्पीड़नात्मक कार्रवाई करार दिया है। पुलिस को दी गई तहरीर में खान निरीक्षक मनोज कुमार ने बताया कि तीन फरवरी की शाम खनिज बैरियर पर वाहनों की जांच की जा रही थी।
विज्ञापन

इसी दौरान शाम करीब सवा सात बजे सोनांचल ट्रक ऑनर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष चोपन के प्रीतनगर निवासी कमल किशोर सिंह, सपा युवा मोर्चा के पूर्व जिला महामंत्री कमलेश यादव उर्फ नेता यादव 40-50 लोगों के साथ पहुंचे। पकड़े गए एक वाहन को छोड़ने का दबाव बनाने लगे।
इसकी सूचना तत्काल ज्येष्ठ खान अधिकारी और कोतवाली पुलिस को दी गई। आरोपी खनिज बैरियर पर हंगामा कर रहे थे। ज्येष्ठ खान अधिकारी सहित जांच दल में शामिल अन्य कर्मियों के साथ अभद्रता व गाली गलौज की। धमकी भी दी।
आरोपियों के जांच में व्यवधान उत्पन्न करने से कई खनिज लदे वाहन बिना जांच के ही निकल गए। इस बाबत रॉबर्ट्सगंज कोतवाल सत्येंद्र राय ने बताया कि तहरीर के आधार पर 25 नामजद व अन्य अज्ञात लोगों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया गया है।
मामले की जांच की जा रही है। उधर, ज्येष्ठ खान अधिकारी शैलेंद्र सिंह का कहना था कि आरोपियों ने बैरियर पर हंगामा करते हुए सरकारी कामकाज में बाधा पहुंचाई थी। इसके कारण पुलिस को प्रार्थना पत्र दिया गया है।

इन नामजद आरोपियों पर हुआ केस
सोनांचल ट्रक ऑनर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष कमल किशोर सिंह, कमलेश यादव उर्फ नेता यादव, शीतल यादव, संतोष यादव, बृजेश यादव, राजेश यादव, सुशील पांडेय, अमिश देव पांडेय, धीरज पांडेय, धीरज यादव, टोनी पांडेय, लोचन पांडेय, लक्ष्मी सिंह उर्फ दादा, संतोष सिंह, धर्मेंद्र जायसवाल, सुनील सिंह, विकास सिंह पटेल, विन्नु, अजीत यादव, मोनू पांडेय, पंकज यादव, रोहित केशरी, आरिफ, उदय, सरफराज सहित अन्य अज्ञात शामिल हैं।

शिकायत के द्वेष में हुई कार्रवाई : कमल किशोर
सोनांचल ट्रक ऑनर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष कमल किशोर ने आरोपों को झूठा और कार्रवाई को द्वेषपूर्ण करार दिया है। बताया कि तीन फरवरी की शाम करीब साढ़े 5 बजे खनिज बैरियर के पास ही संगठन ने मुख्य सचिव मनोज कुमार सिंह से मिलकर ज्ञापन सौंपा था और खनिज विभाग के अधिकारियों की मनमानी व उत्पीड़न की शिकायत की थी। इसी के तुरंत बाद शाम सात बजे बैरियर के पास बिना रायल्टी व बिना नंबर प्लेट के खड़े वाहन पर कार्रवाई न किए जाने की जानकारी सामने आई। यह वाहन खनिज अधिकारियों के चहेते और एक नेता के करीबी का था। संगठन ने इसका विरोध किया, जिसके बाद उस वाहन को कोतवाली ले जाया। इसी द्वेष में झूठा आरोप लगाकर केस दर्ज कराया गया है। बैरियर पर लगे कैमरे की जांच से सब स्पष्ट हो जाएगा। झूठे मुकदमों से संगठन नहीं डरेगा।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें