सोनभद्र। माध्यमिक शिक्षा परिषद, प्रयागराज की ओर से आयोजित वर्ष 2025 की हाईस्कूल इम्प्रूवमेंट व कम्पार्टमेंट तथा इंटरमीडिएट कम्पार्टमेंट परीक्षा अब 26 जुलाई को आयोजित होगी।
परीक्षा दो पालियों में आयोजित होगी। पहली पाली सुबह 8:30 से 11:45 तक हाईस्कूल की होगी, जबकि दूसरी पाली में दोपहर 2 बजे से शाम 5:15 तक इंटरमीडिएट कम्पार्टमेंट परीक्षा कराई जाएगी। दोनों परीक्षाएं रॉबर्ट्सगंज स्थित राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में होंगी। जिला विद्यालय निरीक्षक जयराम सिंह ने बताया कि हाईस्कूल परीक्षा में कुल 140 और इंटरमीडिएट परीक्षा में 301 परीक्षार्थी पंजीकृत हैं। पूरे केंद्र की निगरानी वायस रिकॉर्डर युक्त सीसीटीवी कैमरों से होगी।डीआईओएस ने स्पष्ट किया कि परीक्षा केंद्र में परीक्षार्थियों को किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जैसे मोबाइल फोन, स्मार्टवॉच आदि लाने की अनुमति नहीं होगी। परीक्षार्थियों को परीक्षा शुरू होने से कम से कम 45 मिनट पहले केंद्र पर पहुंचने की सलाह दी गई है। केंद्र पर परीक्षार्थी, केंद्र व्यवस्थापक, परीक्षा ड्यूटी में लगे शिक्षक व कर्मचारी को छोड़कर किसी भी बाहरी व्यक्ति का प्रवेश पूरी तरह वर्जित रहेगा।