वाराणसी-शक्तिनगर राजमार्ग का निर्माण करने वाली कंपनी के कर्मचारियों की लापरवाही का खामियाजा आम नागरिकाें को भुगतना पड़ रहा है। बुधवार को कंपनी के खिलाफ मधुपुर बाजार के लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। वे कंपनी के विरोध में नारेबाजी करते हुए कलेक्ट्रेट पहुंच गए और प्रदर्शन करने लगे। उन्होंने कहा कि मधुपुर बाजार में कंपनी ने गड्ढा खोदकर छोड़ दिया है जिससे लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंप समस्याओं से अवगत कराया।
दोपहर करीब 12 बजे मधुपुर के लोग मांगों के समर्थन में नारेबाजी करते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचे। यहां आयोजित सभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि सड़क बनाने वाली कंपनी नाली निर्माण के बाद मेन रोड व नाली के बीच में रोड बनाने के लिए करीब दस माह से गड्ढा खोद कर छोड़ रखा है। कई बार कंपनी के अधिकारियों से अंधूरे कार्यों को पूरा करवा कर गड्ढा पटवाने की मांग की गई, लेकिन किसी ने अभी तक ध्यान नही दिया।
प्रदर्शन मेें जय किशन, रामदुलार शर्मा, इदरिश, सुबाष चंद्र गुप्ता, सुबाष सिंह, राधेश्याम, बबलू सिंह शामिल रहे। इस बारे में कार्यदायी संस्था का कहना है कि मधुपुर में सर्विस रोड का कार्य कराया जा रहा है। शीघ्र ही निर्माण कार्य पूरा करवा कर लोगों की समस्याएं दूर करा दी जाएगी।