विशेष संचारी रोग नियंत्रण और दस्तक अभियान के द्वितीय चरण की एक जुलाई से शुरुआत होगी। सोमवार को अंतर विभागीय समन्वय बैठक आयोजित हुई। सभी विभागों को जिम्मेदारी समझाते हुए उसका सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए गए।
डीएम बद्रीनाथ सिंह ने कहा कि विशेष संचारी अभियान एक से 31 जुलाई तक और दस्तक अभियान 11 से 31 जुलाई तक चलाया जायेगा। लोगों को संक्रामक रोगों से बचाव के उपाय और बुखार आने पर अपनाए जाने वाले तरीकों के बारे में प्रचार-प्रसार किया जाएगा।
दस्तक अभियान के दौरान आशा, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता गृह भ्रमण कर बुखार, क्षय कुष्ठ, फाइलेरिया आदि रोगियों की सूची बनाई जाएगी। कुपोषित बच्चों काे चिह्नित कर पोषाहार उपलब्ध कराया जाएगा। उन्हें आवश्यकता अनुसार एनआरसी में भर्ती कराया जाए।
पंचायती राज विभाग को निर्देशित किया कि माइक्रोप्लान के अनुसार ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों में अपनी गतिविधि पूर्ण करें। हैंडपंप के प्लेटफार्म का निर्माण कराया जाए। सोकपिट का निर्माण हैंडपंप से कुछ दूरी पर कराएं और जिस गांव में पानी की समस्या है वहां टैंकर के माध्यम से पानी की व्यवस्था की जाए।
रोस्टर के अनुसार दवाओं का छिड़काव कराएं। सीएमओ को निर्देशित किया कि आबादी में चल रहे पोल्ट्री फाॅर्म, सुअर बाड़ों की जांच कर आबादी से दूर करने का प्रयास करें। बैठक में सीएमओ डाॅ. अश्वनी कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।