सोनभद्र कलेक्ट्रेट के नाजिर रमेश श्रीवास्तव को एक अधिकारी के खिलाफ अमर्यादित भाषा का प्रयोग करना महंगा पड़ गया। डीएम एस. राजलिंगम ने नाजिर को निलंबित करते हुए एडीएम को मामले की जांच करने का निर्देश दिया है।
आरोप है कि कुछ दिनों पूर्व कलेक्ट्रेट के नाजिर रमेश श्रीवास्तव ने एक व्यक्ति से बातचीत के दौरान एक अधिकारी के खिलाफ अमर्यादित भाषा का प्रयोग किया था। उनकी बात को किसी व्यक्ति ने रिकार्ड कर डीएम को उपलब्ध करा दिया।
डीएम ने अपने स्तर से जांच कराई तो प्रथमदृष्टया अधिकारी के खिलाफ अमर्यादित भाषा का प्रयोग किए जाने की पुष्टि हुई। इस मामले में जिलाधिकारी एस राजलिंगम ने नाजिर रमेश श्रीवास्तव को निलंबित करते हुए एडीएम योगेंद्र बहादुर सिंह को जांच की जिम्मेदारी सौंपी है। इसकी पुष्टि करते हुए एडीएम ने कहा कि जांच शुरू कर दी गई है। जल्द जांच पूरी कर रिपोर्ट डीएम को सौंप दी जाएगी।