एनसीएल की होल्डिंग कंपनी कोल इंडिया लिमिटेड (सीआईएल) के अध्यक्ष सुतीर्थ भट्टाचार्य ने मंगलवार और बुधवार को एनसीएल की परियोजनाओं का दौरा किया और कोयला उत्पादन-प्रेषण की स्थिति जानी। कंपनी की योजनाओं को अमली जामा पहनाने के लिए एनसीएल मुख्यालय पर अधिकारियों के साथ बैठक कर विमर्श किया। इस दौरान एनसीएल के कोयला प्रेषण हेतु भविष्य में आवश्यक रेलवे इंफ्रास्ट्रक्टर तैयार किए जाने पर विस्तार से चर्चा की गई।
कहा कि मौजूदा वित्त वर्ष में भारी बारिश के बावजूद एनसीएल ने कोयला उत्पादन एवं प्रेषण में शानदार कामयाबी दर्ज की है। इसमें कोई संदेह नहीं कि एनसीएल चालू वित्त वर्ष में कोयला उत्पादन एवं प्रेषण के अपने 82 मिलयन टन के लक्ष्य को हासिल कर लेगी। उन्होंने एनसीएल के सीएमडी तापस कुमार नाग के नेतृत्व में उत्कृष्ट कार्य कर रही टीम की सराहना की। कहा कि कोल इंडिया को वित्त वर्ष 2019-20 तक एक बिलियन टन कोयला उत्पादन करना है। इसके लिए हर वर्ष एनसीएल को अपने कोयला उत्पादन एवं प्रेषण लक्ष्यों में बढ़ोत्तरी करनी होगी।
कहा कि उनकी एनसीएल यात्रा का मुख्य उद्देश्य एनसीएल की भावी योजनाओं पर विचार-विमर्श करना है। उन्होंने एनसीएल मुख्यालय स्थित केंद्रीय उत्खनन प्रशिक्षण संस्थान (सीईटीआई) में ग्रामीणों के लिए प्लंबिंग एवं वेल्डिंग ग्रेड में कौशल विकास कार्यक्रम का शुभारंभ किया। कहा कि कोल इंडिया ने एनएसडीसी के साथ मिलकर देश के नागरिकों, खासकर युवाओं, के कौशल विकास का जो बीड़ा उठाया है, उससे राष्ट्र की प्रगति को एक नया आयाम मिलेगा। शताब्दी चिकित्सालय में लिथोट्रिप्सी यूनिट, नई डायलिसिस यूनिट एवं एडवांस्ड लाइफ सपोर्ट एंबुलेंस, सीएमपीडीआई के नए क्षेत्रीय कार्यालय भवन का लोकार्पण किया।