एनटीपीसी सिंगरौली के शक्तिनगर स्थित अतिथि गृह में शनिवार की दोपहर बैठक कर कबाड़ चोरों पर प्रभावी अंकुश की रणनीति बनाई गई। इसमें सोनभद्र और सिंगरौली के पुलिस अधिकारियों के साथ ही कोल एवं पावर परियोजनाओं के सुरक्षा अधिकारियों ने हिस्सा लिया।
इस दौरान परियोजनाओं के सुरक्षाकर्मियों के साथ उत्तर प्रदेश और मध्यप्रदेश दोनों राज्यों की पुलिस की ओर से साझा पेट्रोलिंग की बात तो तय की ही गई,
एक दूसरे क्षेत्र के वांटेड अपराधियों की अपने-अपने क्षेत्र में मौजूदगी को लेकर सतर्कता बरतने और इससे जुड़ी सूचनाओं के आदान-प्रदान पर सहमति जताई गई।
निगरानी को प्रभावी बनाने के लिए महत्वपूर्ण जगहों पर सीसी टीवी कैमरे स्थापित करने का भी निर्णय लिया गया। क्षेत्राधिकारी पिपरी सितांशु यादव, मोरवा राजेंद्र गोस्वामी और बैढ़न क्षेत्राधिकारी सीके पांडेय की मौजूदगी में तय किया गया कोल एवं विद्युत परियोजना क्षेत्रों में कबाड़ चोरों तथा अपराधियों की धर पकड़ के लिए साझा पेट्रोलिंग होगी।
पेट्रोलिंग कब और किन-किन एरिया में होगी, इसका निर्णय, कुछ देर पहले ही लिया जाएगा। खदान क्षेत्र में काम करने वाले नियमित कार्मिक के साथ सभी संविदा कर्मियों के चरित्र का सत्यापन कराया जाएगा और कार्य पर जाने के दौरान आई कार्ड ले जाने की अनिवार्यता रहेगी।
इस दौरान सोनभद्र और सिंगरौली के क्षेत्राधिकारियों और थानाध्यक्षों ने अपने-अपने क्षेत्र के वांटेड अपराधियों की सूची एक दूसरे को सौंपी। कहा कि सूची के अनुसार अपने क्षेत्र में इनकी मौजूदगी की संभावनाओं को लेकर चौकस रहेंगे।
किसी भी अपराधी के बारे में कोई सूचना मिलती है, तो उसकी जानकारी तत्काल संबंधित थाने को दी जाएगी। अपराधियों पर नजर रखने के लिए इलेक्ट्रानिक सर्विलांस की भी मदद ली जाएगी।
इस मौके पर शक्तिनगर एसओ जगदीश यादव, अनपरा एसओ शोभनाथ यादव, एनटीपीसी और एनसीएल के सुरक्षा अधिकारी मौजूद रहे।