कलेक्ट्रेट में डीएम से मिलकर बाहर निकलते सांसद छोटेलाल खरवार व अन्य भाजपा नेता।
फ्लाईओवर हादसे में जान गंवाने वाले रोहित सिंह और दीपेंद्र राठौर के परिवार वालों के साथ भाजपा सांसद छोटेलाल खरवार शुक्रवार को डीएम सीबी सिंह से मिले। वहां एसपी रामलाल वर्मा भी थे। सांसद ने मामले की सीबीआई जांच कराने और हत्या का मुकदमा दर्ज करने की मांग उठाई। सांसद ने एसपी से कहा कि छोटे मामलों में पुलिस लोगों को हिरासत में ले लेती है मगर इस प्रकरण में वह मूकदर्शक बनी है।
मृतक रोहित के चाचा लालबहादुर सिंह ने बताया कि डीएम के बुलावे पर सांसद छोटेलाल खरवार, भाजपा जिलाध्यक्ष अशोक मिश्रा, वरिष्ठ अधिवक्ता अरुण प्रताप सिंह, अमरनाथ सिंह, दिलीप सिंह, संतोष सिंह के साथ वे लोग दोपहर डेढ़ बजे डीएम कार्यालय पहुंचे। इन लोगों ने नए सिरे से मामले की पड़ताल करने के साथ ही सीबीआई जांच की मांग उठाई। लाल बहादुर ने बताया कि इलाहाबाद से दीपेंद्र राठौर के मोबाइल पर उस रात फोन करने वाले मित्र से पूछताछ करनेे और मृत युवती की शिनाख्त कराने की मांग उठाई। वरिष्ठ अधिवक्ता ने एसपी से कहा कि वह एक्सीडेंट और मर्डर के अनगिनत केस देख चुके हैं। रोहित को अंदरूनी चोट के निशान थे।
एक्सीडेंट में इस तरह के घाव बन ही नहीं सकते। इस पर डीएम ने रोहित और दीपेंद्र के परिवार वालों से कहा कि उन लोगों को जिन-जिन बिंदुओं पर आशंका है, वह लिखकर आईओ को दे दें। आईओ अपनी जांच रिपोर्ट में उन बिंदुओं को भी शामिल करेंगे। उधर, एसपी ने सांसद को बताया कि हर बिंदु पर जांच पड़ताल करने के बाद ही उन्होंने प्रेसवार्ता कर इसे एक्सीडेंट बताया था। कहा कि जांच में अगर हत्या जैसे साक्ष्य मिलते हैं तो मुकदमा दर्ज कराएंगे। एसपी ने वहीं से मोबाइल पर क्राइम ब्रांच इंचार्ज, कोतवाल और विवेचक को परिवार वालों से मिलकर घटना से जुड़ी जानकारी लेने के लिए कहा। उन्होंने प्रणव के पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर एक्सपर्ट से राय लेने की बात उठाई। डीएम ने बताया कि उन्होंने पीड़ित परिवार से, जो भी ऐतराज है, उसे लिखकर देने के लिए कहा है। बाकी पुलिस अपने स्तर से जांच कर रही है।