सैनिक कल्याण, खाद्य प्रसंस्करण, होम गार्ड्स, प्रांतीय रक्षक दल एवं नागरिक सुरक्षा राज्यमंत्री अनिल राजभर ने कहा कि बाकी की सरकारों में उपेक्षित होमगार्डों को अब लगातार ड्यूटी मिलेगी। होमगार्डों के कामकाज के तरीके में जल्द ही बदलाव देखने को मिलेगा। इन्हें सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए मुख्यमंत्री से बातचीत हो रही है।
राज्यमंत्री शनिवार को राबर्ट्सगंज स्थित विवेकानंद प्रेक्षागृह में अभिनंदन समारोह को संबोधित कर रहे थे। कहा कि जीएसटी लागू होने से जनता को अनेक लाभ होंगे। विपक्ष के साथ चंद लोग अभी विरोध कर रहे हैं, मगर जब चीजें सस्ती मिलेगी तो वह लोग खुद की भाजपा सरकार की तारीफों के पुल बांधेंगे। कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ को जिले की मूलभूत समस्याओं से अवगत कराते हुए निजी कल कारखानों में योग्यता के अनुसार स्थानीय लोगों को रोजगार मिलेगा।
सांसद छोटेलाल खरवार ने कहा कि कार्यकर्ताओं का शोषण कत्तई बर्दाश्त नहीं करेंगे। पूर्व जिलाध्यक्ष धर्मवीर तिवारी ने मंत्री के समक्ष बेरोजगारों की समस्याओं को रखते हुए उनसे रोजगार मुहैया कराने की मांग रखा। इस पर मंत्री ने उन्हें आश्वासन दिया।
आदर्श इंटर कालेज के प्रधानाचार्य डॉ. सुुरेश यादव ने जिले में उच्च शिक्षा के क्षेत्र में कार्य करने की बात कही है। संचालन आशीष चौबे एडवोकेट ने किया। मंत्री ने देवरी खुर्द में पौधरोपण भी किया। इससे पूर्व राज्य मंत्री का मधुपुर और हिंदुआरी सहित अन्य जगहों पर स्वागत किया गया। अभिषेक सिंह चंदेल, मनीष अग्रहरि, यादवेंद्र दत्त द्विवेदी, राजेश दूबे, उमा शंकर सिंह, प्रकाश श्रीवास्तव, सतीश पांडेय, विनोद सोनी, धर्मवीर त्यागी, विमलेश पटेल आदि मौजूद रहे।