सोनभद्र। जिले में बुधवार को पूरे दिन आसमान में बादल छाए रहे। कई स्थानों पर हल्की बूंदाबांदी भी हुई, बावजूद इसके तापमान में वृद्धि जारी रही। आसमान में छाए बादल और वातावरण में अधिक नमी होने के कारण लोगों को दिनभर उमस भरी गर्मी का सामना करना पड़ा। धूप तेज नहीं निकली, फिर भी हवा में नमी अधिक होने से पसीना और बेचैनी बनी रही। मौसम विज्ञान केंद्र चुर्क के प्रेक्षक राजन सिंह के अनुसार बुधवार को अधिकतम तापमान 32.2 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं वातावरण में आर्द्रता 70 प्रतिशत रही। इसके एक दिन पहले मंगलवार को अधिकतम तापमान 31.6 डिग्री सेल्सियस, न्यूनतम 25.5 डिग्री सेल्सियस तथा आर्द्रता 68 प्रतिशत दर्ज की गई थी। बीते 24 घंटे में अधिकतम तापमान में 0.6 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम तापमान में 0.2 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि हुई है। वहीं आर्द्रता भी दो प्रतिशत बढ़ने से उमस का असर और अधिक महसूस किया गया। मंगलवार की रात जिले के विभिन्न हिस्सों में कहीं तेज तो कहीं हल्की बारिश हुई थी, लेकिन बुधवार को बारिश का असर सीमित रहा और केवल छिटपुट बूंदाबांदी ही देखने को मिली। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि मानसूनी बादलों की आवाजाही लगातार बनी हुई है। बादलों के कारण तेज धूप से राहत जरूर मिल रही है, लेकिन अधिक नमी के चलते उमस लोगों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई है। अगले एक-दो दिनों में भी बादल छाए रहने के साथ कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। इससे तापमान में बहुत अधिक बदलाव की उम्मीद नहीं है।