सीएमडी कामरान रिजवी से वार्ता करते बिजली कामगार।
राज्य विद्युत उत्पादन निगम के सीएमडी कामरान रिजवी ने मंगलवार और बुधवार को अनपरा परियोजना का दौरा कर विद्युत उत्पादन की स्थिति जांची। बेहतर उत्पादन और बंद पड़ी इकाइयों को उत्पादन पर लाने के कार्य में तेजी लाने को लेकर परियोजना एवं भेल के अधिकारियों के साथ बैठक कर जरूरी निर्देश दिए। पत्रकारों से हुई वार्ता में बताया कि अनपरा की बंद पड़ी 500 मेगावाट वाली सातवीं और 210 मेगावाट वाली दूसरी इकाई माह के अंत तक चालू हो जाए्गी।
कोयले की किल्लत और एनसीएल की बकाया रकम पर उन्होंने कहा कि किसी भी हाल में बिजली परियोजनाओं को कोयले की किल्लत नहीं होगी। अनपरा परियोजना प्रदेश के लिए काफी महत्वपूर्ण परियोजना है। कोयले की किल्लत न होने पाए, इसके लिए एनसीएल के सीएमडी से भी वार्ता की गई है। बिजली परियोजनाओं के उत्पादन में गिरावट पर कहा कि इसे गंभीरता से लिया गया है। दुर्गा पूजा और दशहरा पर बिजली की जरूरत को देखते हुए अभी से तैयारियां चल रही हैं। बिजली उत्पादन में सुधार और बंद इकाइयों को चालू कर इसे आसानी से पूरा कर लिया जा जाएगा। उन्होंने बताया कि दुर्गा पूजा और दशहरा पर रोजाना मांग 400 मिलियन यूनिट के आस-पास रहने का अनुमान है। इससे पहले, सीएमडी का पदभार संभालने के बाद पहली बार अनपरा के दौरे पर आए सीएमडी कामरान रिजवी ने अनपरा की सातों इकाइयों के उत्पादन एवं अनुरक्षण कार्य की बारी-बारी से समीक्षा की। अनपरा डी की इकाइयों में रह-रहकर आती दिक्कत पर नाराजगी जताई और खामियों को दुरुस्त कर बंद पड़ी इकाइयों को उत्पादन पर लाने का निर्देश दिया।
निदेशक तकनीकी वीएस तिवारी और तकनीकी सलाहकार आरबी पांडेय को हिदायत दी कि वह बंद पड़ी इकाइयों के कार्य पर निगरानी रखें।