कोन क्षेत्र के बागेसोती स्थित एक निजि विद्यालय को बंद कराते बीईओ।
- फोटो : SONBHADRA
कोन ब्लॉक क्षेत्र में मानक के विपरीत संचालित हो रहे निजी स्कूलों के खिलाफ शिक्षा विभाग ने कार्रवाई शुरू कर दी है। बृहस्पतिवार को खंड शिक्षाधिकारी ने बगैर मान्यता और मानक विहीन संचालित हो रहे तीन स्कूलों को बंद कर दिया। इसकी भनक लगते ही नियमों को दरकिनार कर स्कूूलों का संचालन करने वालों में खलबली मच गई।
शासन के मंशा के अनुरूप शिक्षा व्यवस्था में सुधार व छात्रों को बेहतर शिक्षा मुहैया कराने केेेेे लिए इन दिनों बेसिक शिक्षा विभाग परिषदीय विद्यालयों का कायाकल्प करने में जुटा है। वहीं कोन क्षेत्र में कई लोग बगैर मान्यता के ही कक्षा एक से आठ तक निजी स्कूलों का संचालन कर बच्चों के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रहे हैं। हालांकि ऐसे स्कूलों को बंद कराने के लिए बीएसए हरिवंश कुमार ने खंड शिक्षा अधिकारी कोन को निर्देश दिया है। बृहस्पतिवार को खंड शिक्षाधिकारी देवमणि पांडेय ने बागेसोती क्षेत्र में संचालित तीन निजी स्कूलों की जांच की तो पता चला कि मान्यता ही नहीं है। खंड शिक्षाधिकारी ने बताया कि बिना मान्यता लिए संचालित हो रहे डीसी शांति उच्चतर मा. विद्यालय डूबवा, चंद्रभान उच्चतर मा. विद्यालय बागेसोती और गायत्री उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बागेसोती को बंद करा दिया गया है। संबंधित स्कूलों के प्रबंधक/प्रधानाचार्य को नोटिस देते अध्ययनरत छात्र/छात्राओं को तत्काल नजदीकी सरकारी विद्यालय में नामांकन कराने का निर्देश दिया गया है। कहा कि इस क्षेत्र के संबंधित परिषदीय स्कूलों के शिक्षकों को भी अभियान चलाकर नजदीकी विद्यालय में नामांकन करने को कहा गया है।