यूपी का निजाम बदलने के बाद काफी कुछ बदला-बदला सा नजर आ रहा। जिन हाथों में सुरक्षा की कमान थी, उन्होंने भी सरकार के आदेश पर अपने दफ्तरों, परिसर में सफाई के लिए झाड़ू उठा लिया है। शनिवार को पुलिस लाइन में एसपी लल्लन सिंह समेत अफसरों और जवानों ने सघन सफाई अभियान चलाया। एसपी के मुताबिक यह अभियान निरंतर चलता रहेगा।
शनिवार को पुलिस लाइन में एसपी ने पहले अधिकारियों-कर्मचारियों की बैठक ली। उन्हें शासन के नए फरमान से अवगत कराया और उसका कड़ाई से पालन कराने का निर्देश दिया।
कहा कि अधिकारी-कर्मचारी अपने निर्धारित समय से आफिस आएं और पूरी पारदर्शिता व निष्पक्षता से अपने कर्तव्यों का निर्वहन करें। इसमें किसी तरह की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
अधिकारी-कर्मचारी समय से आएं और खुद ही अपने कार्यालय की सफाई करें। सरकार की मंशा के अनुसार आदेशों का अनुपालन करते हुए कार्य करें।
अधिकारियों-कर्मचारियों को निर्देश देने के बाद एसपी लल्लन सिंह सभी के साथ बाहर निकले और फिर हाथ में खुद झाड़ू लेकर परिसर में सफाई शुरू कर दी। यह देख कई अफसरों के साथ ही जवानों ने भी झाड़ू, फावड़ा आदि लेकर सफाई की। इसमें पुलिस लाइन परिसर के साथ ही एसपी कार्यालय की भी सफाई की गई। प्रतिसार निरीक्षक के साथ ही अपर पुलिस अधीक्षक, क्षेत्राधिकारी समेत अन्य शाखाओं के अधिकारियों-कर्मचारियों ने सफाई अभियान में बढ़चढ़कर हिस्सा लिया। एसपी ने पुलिस आफिस कार्यालय के साफ-सफाई का भी निरीक्षण किया।