राजकीय माध्यमिक विद्यालयों में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों की कमी अब दूर होगी। शासन ने आउटसोर्सिंग के माध्यम से रिक्त पदों पर तैनाती के निर्देश दिए हैं। विभाग इसके लिए आवश्यक प्रक्रिया में जुट गया है। बड़ी संख्या में पद रिक्त होने से विद्यालयों में साफ-सफाई, सुरक्षा सहित अन्य कार्य प्रभावित हैं।
जिले में 48 राजकीय माध्यमिक विद्यालय हैं। इन विद्यालयों में चपरासी, चौकीदार, सफाई कर्मी के करीब 100 पद सृजित हैं। इसके सापेक्ष तैनाती सिर्फ 42 की है। नए सत्र में छह नए राजकीय हाईस्कूलों के संचालन के बाद विद्यालयों की संख्या बढ़कर 54 हो गई है।
कई ऐसे विद्यालय हैं, जहां चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी ही नहीं है। ऐसे में शिक्षकों को ही स्कूल में ताला खोलने, सफाई करने और अतिथियों के पहुंचने पर चाय-पानी तक पिलाने की जिम्मेदारी निभानी होती है। लंबे समय से रिक्त पदों पर तैनाती की मांग उठती रही है, लेकिन यह पूरी नहीं हो पाई।
अब आउटसोर्सिंग के माध्यम से इन पदों को भरने का निर्देश मिला है। शासन से निर्धारित मानकों के तहत तैनाती होगी। माना जा रहा है कि इससे रिक्त पदों को शीघ्र भर लिया जाएगा। फिलहाल विभाग आवश्यक प्रक्रियाओं को पूरा करने में जुट गया है।
राजकीय विद्यालयों में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों के रिक्त पदों को आउटसाेर्सिंग के माध्यम से भरे जाने के निर्देश मिले हैं। विस्तृत दिशा निर्देश जारी होने के बाद इस पर आगे की प्रक्रिया अपनाई जाएगी।
-जयराम सिंह, डीआईओएस।