राबर्ट्सगंज विकास खंड क्षेत्र के गोरडीहा गांव में सोमवार को कुश्ती दंगल का आयोजन हुआ। मुख्य अतिथि समाजसेवी रामशकल चौबे ने पहलवानों को साफा पहना कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
इसमें जिले के अलावा गैर जिलों केे पहलवानों ने दमखम दिखाया। 15 हजार रुपये की कुश्ती जौनपुर के रामाश्रय और वाराणसी डीएलडब्ल्यू के ध्रुव पहलवान के बीच हुई, जो बराबरी पर छूटी।
आठ हजार की कुश्ती जौनपुर के निगम और गोरखपुर के धर्मेद्र पहलवान के बीच हुई जो बराबरी पर छूटी। इसके बाद जौनपुर के सुजीत और चंदौली राकेश के बीच कुश्ती हुई जो दिलचस्प रही।
इसमें सुजीत ने राकेश को आसमान के तारे दिखा कर पांच हजार रुपये का इनाम जीत लिया। हाजीपुर के पखंडू ने राजगढ़ के छोटू, राबट्र्सगंज के चंचल ने चंदौली के बबूल को पटक कर विजयी हुए।
रेफरी की भूमिका वाराणसी के लल्ला पाठक और संचालन राजकुमार यादव ने किया। दंगल समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि रामशकल चौबे ने कहा कि कुश्ती में भाग लेने वालों का मानसिक और शारिरिक विकास होता है।
कार्यक्रम के आयोजक संतोष मिश्रा ने कहा कि घोरावल विधायक रमेश चंद्र दूबे ने गोरडीहा में अखाड़ा बनाने के लिए अपने निधि से एक लाख 59 हजार रुपये की स्वीकृति की है। इस मौके पर सुदामा शर्मा, रामकृष्ण शर्मा, इंद्रदेव पांडेय, ललित मोहन शर्मा, रामबहाल शर्मा, शिववंश शर्मा, अवधेश शर्मा मौजूद रहे।