चोपन-नेवारी मार्ग पर का निर्माण लगभग 91 करोड़ रुपये की लागत से होगा। इसके लिए बजट जारी होने के साथ टेंडर भी हो चुका है। मार्ग निर्माण से 40 गांवों के साथ मध्य प्रदेश जाने का रास्ता सुगम हो जाएगा। जानकारी के अनुसार नेशनल हाइवे अथारिटी की देखरेख में मध्य प्रदेश के लमसरई से जुड़ने वाली चोपन-नेवारी मार्ग (टू लेन) का निर्माण का कार्य होगा।
केंद्र सरकार ने मुख्य धारा से कटे पड़े रेणुका और सोन पार दुरूह, नक्सल इलाकों की आवागमन की सुविधा एवं मध्य प्रदेश के लमसरई से सीधे जुड़ाव के लिए चोपन-नेवारी मार्ग के टूलेन निर्माण की मंजूरी देते हुए करीब 91 करोड़ रुपये धन जारी कर दिया है। इस सड़क का निर्माण कार्य कराने के लिए पिछले करीब चार माह पूर्व पीडब्ल्यूडी ने निविदा आमंत्रित की थी।
कार्य कराने के लिए चार ठेकेदारों ने टेंडर डाला। बताते चले कि नेवारी-चोपन संपर्क मार्ग के बनने से बिजौरा, चतरवार, घोरिया, जुगैल बर्दिया, समेत करीब 40 गांवों के लोगों के आवागमन की समस्याएं दूर हो जाएगी। मध्य प्रदेश के भी कई गांवों के ग्रामीणों को राहत मिलेगी। इससे पहले भी मार्ग की मरम्मत के लिए कई लोगों ने मांग की, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई।
उधर टेंडर के संबंध में प्रांतीय खंड लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता चंद्र प्रकाश ने कहा कि उच्चाधिकारियों की समिति टेक्निकल बीट का परीक्षण कर रही है जल्द ही निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा।