सोनभद्र। जिले की 31 ग्राम पंचायतों में साइबर अपराध से बचाव के लिए विशेष जागरूकता अभियान शुरू किया गया है। साइबर पुलिस के साथ सोनभद्र विकास समिति और चाइल्ड राइट्स एंड यू (क्राई) की संयुक्त टीम अभियान चला रही है। इसके तहत ‘टिंग टोंग’ टेलीफिल्म के माध्यम से विशेषकर बच्चों और महिलाओं को साइबर ठगी से बचाव के तरीके बताए जा रहे हैं। मंगलवार को रॉबर्ट्सगंज नगर और सदर ब्लॉक के रैपुरा, भुइराईन, चरघरवा व हरहिहवा गांवों के विद्यालयों में बच्चों और ग्रामीणों को जागरूक किया गया। अभियान के दौरान उन्हें ‘टिंग टोंग’ वीडियो दिखाकर सोशल मीडिया का सावधानी से इस्तेमाल करने, पासवर्ड और निजी जानकारी सुरक्षित रखने और संदिग्ध लिंक और ऑनलाइन प्रलोभनों से बचने के तरीके बताए गए। पहले दिन 486 बच्चों और 317 परिवारों को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया। सोनभद्र विकास समिति के सचिव राजेश चौबे ने कहा कि इंटरनेट की दुनिया जितनी उपयोगी है, उतनी ही जोखिम भरी भी है। बच्चों को समझाया गया कि साइबर अपराध या ऑनलाइन धोखाधड़ी का शिकार होने पर घबराने या खुद को दोषी मानने के बजाय तत्काल शिक्षकों, अभिभावकों या किसी भरोसेमंद व्यक्ति को इसकी जानकारी दें। रीना शर्मा, सुनीता, रीमा, रेखा, दिनेश विश्वकर्मा और अमरजीत सहित अन्य लोगों ने ग्रामीणों को अनजान कॉल पर ओटीपी, बैंक खाते की जानकारी या यूपीआई पिन साझा नहीं करने के प्रति सचेत किया। अभियान के समन्वयक राजेश चौबे ने बताया कि रॉबर्ट्सगंज, चतरा, घोरावल और नगवां ब्लॉक की 31 ग्राम पंचायतों में जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। इनमें रॉबर्ट्सगंज की 16, चतरा की एक, नगवां की पांच और घोरावल की नौ ग्राम पंचायतें शामिल हैं। अभियान के तहत 10 हजार परिवारों को जागरूक करने का लक्ष्य रखा गया है। पहले चरण में छह से 14 वर्ष के 2,100 और 14 से 18 वर्ष के 1,500 बच्चों-किशोरों को जागरूक करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।