सलखन। चोपन थाना क्षेत्र के पटवध गांव में मंगलवार सुबह करीब 11 बजे बाइक की चपेट में आने से धरम सोनी (10) की मौत हो गई। हादसे के बाद मौके का लाभ उठाकर बाइक सवार वाहन के साथ भाग गया। घायल बालक को अस्पताल ले जाने की तैयारी हो रही कि उसने दम तोड़ दिया। घटना की जानकारी मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।
चोपन थाना क्षेत्र के पटवध गांव निवासी धरम सोनी (10) पुत्र अरविंद सोनी मंगलवार को किसी कार्य से घर से बाहर निकला था। सुबह करीब 11 बजे धरम सड़क पार कर रहा था। इस बीच वह राबर्ट्सगंज से चोपन की तरफ तेज रफ्तार बाइक की चपेट में आ गया। बाइक सवार उसे धक्का मारते हुए भाग निकला। हादसे में बालक को गंभीर चोटें आईं। आसपास के लोग उसे अस्पताल ले जाने की तैयारी कर ही रहे थे कि उसने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। उधर, सूचना मिलने पर पुलिस पहुंच गई। चोपन थाना प्रभारी नवीन तिवारी ने बताया कि बालक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। बाइक सवार की तलाश की जा रही है।
ट्रक पलटा, खलासी घायल
डाला। चोपन थाना क्षेत्र के गुरमुरा में सोमवार की रात करीब दो बजे एक ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। इस दुर्घटना में खलासी घायल हो गया। रेनुसागर से ट्रक डाला की तरफ जा रहा था। अचानक गुरमुरा में पलट गया। हादसे में ट्रक चालक सूरज लाल यादव (18) घायल होकर केबिन में फंस गया। घायल की चीख पुकार सुनकर आसपास के लोग पहुंच गए। लोगों ने चालक को बाहर निकाल कर टोल प्लाजा के एंबुलेंस से सीएचसी चोपन भेजा।