Sonbhadra News: सोनभद्र जिले के दो गांवों में दो लोगों के डूबने की घटना सामने आई है। बुधवार को पानी भरे बाल्टी में गिरने से मासूम बच्ची की मौत हो गई, जबकि एक युवक नहाते समय बंधी में डूब गया।
सोनभद्र जिले के म्योरपुर थाना क्षेत्र में बुधवार को मासूम समेत दो लोग डूब गए। डडिहरा गांव में दो वर्षीय बच्ची की खेलते समय पानी से भरी बाल्टी में गिरने से मौत हो गई, जबकि किरबिल में बंधी में नहाने गया युवक डूब गया। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया है।
विज्ञापन
डडिहरा गांव निवासी अनुज यादव की दो बेटियां हैं। छोटी बेटी दिव्या (02) बुधवार को मां वंदना देवी के पास खेल रही थी। मां बर्तन धोकर घर में रखने गई। इसी दौरान एकांशी पानी से भरी बाल्टी में गिर गई। मां अंदर से आई तो बेटी को बाल्टी में देख चिल्लाने लगी।
आनन- फानन बच्ची को बाल्टी से निकालकर म्योरपुर सीएचसी लाया गया, जहां अधीक्षक डॉ. पीएन सिंह ने उसे मृत घोषित कर दिया। दूसरी घटना किरबिल गांव की है। बुधवार की दोपहर काजू (21) गांव के कुछ अन्य लड़कों के साथ बंधी में नहाने गया था।
गहरे पानी में जाने से वह बंधी में डूब गया। उसके साथ नहा रहे अन्य युवकों ने शोरगुल मचाकर ग्रामीणों को बुलाया। देर शाम तक उसे खोजने का प्रयास किया गया। सूचना पर पहुंचे थानाध्यक्ष कमलनयन दुबे ने भी युवक की खोज कराई, लेकिन वह अभी तक नहीं मिल सका था।