विंढ़मगंज। छत्तीसगढ़ प्रांत के रामानुजगंज थाने की पुलिस मंगलवार को तीन वारंटियों को गिरफ्तार कर अपने साथ ले गई। ससुराल पक्ष के तीनों आरोपियों के खिलाफ विवाहिता ने मुकदमा दर्ज कराया था। उनके खिलाफ न्यायालय से वारंट जारी था। पुलिस के मुताबिक, थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत बुटबेढ़वा निवासी मुन्ना केसरी (28), गणेश केसरी (26) और शिवम केसरी (24) को मंगलवार की सुबह करीब नौ बजे गिरफ्तार किया गया। छत्तीसगढ़ पुलिस के मुताबिक तीनों आरोपियों के खिलाफ न्यायालय से गिरफ्तारी वारंट जारी हुआ था। रामानुजगंज थाने के एएसआई योगेंद्र जायसवाल, प्रधान आरक्षक रवि मिश्रा, अतुल दुबे, मायावती व महिला सिपाही ने तीनों आरोपियों को विंढमगंज थाने की पुलिस के सहयोग से गिरफ्तार किया और अपने साथ ले गई।
बताया जा रहा है बुटबेढ़वा गांव निवासी मुन्ना केसरी की शादी छत्तीसगढ़ के रामानुजगंज थाना क्षेत्र के एक गांव में हुई है। शादी के कुछ माह बीतने के बाद से ही पति-पत्नी में आपसी विवाद होने लगा, जिस पर पत्नी रानी केसरी ने थाने में विभिन्न धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कराया था। अब तीनों आरोपियों के खिलाफ न्यायालय से गिरफ्तारी वारंट जारी हो गया है।