सोनभद्र। रेल प्रशासन से धनबाद-लोकमान्य तिलक टर्मिनल मुंबई (एलटीटी) स्पेशल ट्रेन के समय और रूट में बदलाव किया है। यह ट्रेन धनबाद से आधे घंटे पहले रवाना होगी और यात्रियों को पौने छह घंटे पहले मुंबई पहुंचाएगी। वापसी में भी इस ट्रेन का समय बदला गया है। जून तक दोनों ओर से चलने वाली साप्ताहिक ट्रेन के मार्ग में भी बदलाव किया गया है। धनबाद-चंद्रपुरा रेल मार्ग से चलने वाली ट्रेन अब बरकाकाना के बदले रांची रोड और चोपन के बदले ओबरा डैम होकर चलाई जा रही है। रेलवे अधिकारियों की मानें तो पहले गाड़ी संख्या 03379 धनबाद-लोकमान्य तिलक स्पेशल धनबाद से मंगलवार की रात में 11 बजे रवाना होती थी जो बृहस्पतिवार को दोपहर में 2 बजकर 15 मिनट पर लोकमान्य तिलक टर्मिनल स्टेशन पहुंचती थी। अब यह ट्रेन धनबाद से रात 10.30 बजे खुलकर सुबह 8.30 बजे मुंबई पहुंचती है। इसी तरह से गाड़ी संख्या 03380 लोकमान्य तिलक-धनबाद स्पेशल लोकमान्य तिलक से बृहस्पतिवार की शाम पांच बजे खुलकर शनिवार की सुबह आठ बजे धनबाद पहुंच रही थी। अब बृहस्पतिवार की सुबह 10 बजे बजे रवाना होकर शुक्रवार की रात में 10.30 बजे धनबाद पहुंच रही है। पहले सोनभद्र के चोपन रेलवे स्टेशन से होकर ट्रेन का संचालन होता था, मगर अब यह ट्रेन रेणुकूट से ओबरा डैम होते हुए चलाई जा रही है। वरीय मंडल वाणिज्य प्रबंधक धनबाद एवं वरीय जनसंपर्क अधिकारी मोहम्मद इकबाल ने बताया कि दोनों ओर से चलने वाली ट्रेन के समय में बदलाव किया गया है।