सोनभद्र। जिले में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की तैयारी शुरू हो गई है। चुनाव के मद्देनजर मतदाता सूची के पुनरीक्षण का कार्य शुरू करने के लिए बीएलओ की सूची को अंतिम रूप दे दिया गया है। सर्वे के लिए बीएलओ घर-घर जाएंगे और निर्धारित प्रारूप में मतदाताओं का सूची में नाम जोड़ने, काटने व संशोधित करने के लिए प्रपत्र भरकर अधिकारियों को सौंपेेंगे।
त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव को लेकर ग्राम पंचायतों के साथ ही विभागों में हलचल शुरू हो गई है। ग्राम पंचायतों में प्रस्तावित कार्य चुनाव की घोषणा की होने से पहले करा लेने की कवायद तेज हो गई है ताकि दोबारा प्रधान पद का चुनाव लड़ने के इच्छुक लोग विकास कार्य कराने की दुहाई देकर फिर से भाग्य आजमा सकें। उधर, पंचस्थानिक कार्यालय पर पंचायती राज विभाग के साथ ही अन्य संबंधित विभागों की तरफ से भश पंचायत चुनाव की तैयारी शुरू कर दी गई है। सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी जगरूप सिंह पटेल का कहना है कि त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की तैयारी शुरू कर दी गई है। मतदाता सूची के पुनरीक्षण के लिए 837 बीएलओ की सूची को अंतिम रूप दे दिया गया है। जरूरत के हिसाब से इनकी संख्या घटाई व बढ़ाई भी जा सकती है। मतदाता सूची के पुनरीक्षण के लिए बीएलओ घर- घर जाकर सर्वे करेंगे। सर्वे के लिए निर्धारित प्राप्त जिले को प्राप्त हो गया है। कुल एक लाख 87 हजार निर्धारित प्रारूप में प्रपत्र प्राप्त हुए हैं। प्रपत्र को सुरक्षित रखवा दिया गया है। इस प्रपत्र पर घर-घर सर्वे के दौरान बीएलओ मतदाताओं का विवरण भरकर सौंपेंगे। सर्वे के लिए तिथि आने से पहले प्रपत्र संबंधित तहसीलों से बीएलओ को प्राप्त करा दिए जाएंगे। घर-घर सर्वे कार्य शुरू करने के लिए शासन स्तर से दिशा- निर्देश मिलने का इंतजार किया जा रहा है।