सोनभद्र। जनगणना 2027 के प्रथम चरण में मकान सूचीकरण और मकानों की गणना के अंतर्गत 22 मई से 20 जून तक संचालित होने वाले कार्यों के लिए चयनित फील्ड ट्रेनर्स के प्रथम बैच का प्रशिक्षण सोमवार से आरंभ हुआ। डायट परिसर स्थित मदन मोहन मालवीय सभागार में शुरू हुए तीन दिवसीय प्रशिक्षण का शुभारंभ सीडीओ जागृति अवस्थी ने किया। जिला जनगणना अधिकारी वागीश कुमार शुक्ला, एएसपी अनिल कुमार और ज्वाइंट मजिस्ट्रेट उत्कर्ष द्विवेदी ने प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे कार्मिकों को संबोधित किया। अधिकारियों ने कहा कि जनगणना एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय प्रक्रिया है, जिसके माध्यम से देश की जनसंख्या, आवासीय स्थिति और सामाजिक-आर्थिक आंकड़ों का सटीक आकलन किया जाता है। ऐसे में सभी कार्मिक अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा, पारदर्शिता और जिम्मेदारी के साथ करें। प्रशिक्षण के दौरान जनपद के मास्टर ट्रेनर डॉ. केएन उपाध्याय और सौरभ सिंह ने प्रतिभागियों को मकान सूचीकरण, मकानों की गणना और फील्ड स्तर पर किए जाने वाले कार्यों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। वहीं जनगणना निदेशालय से आईं प्रियासा सिंह ने भी जनगणना 2027 की प्रक्रिया, तकनीकी पहलुओं और कार्यप्रणाली को विस्तार से समझाया तथा प्रतिभागियों की जिज्ञासाओं का समाधान किया। तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्देश्य जनगणना 2027 के प्रथम चरण को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए फील्ड ट्रेनर्स को आवश्यक दिशा-निर्देश और तकनीकी जानकारी उपलब्ध कराना है।