घोरावल। मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम शुरू होने के 18 दिन बाद भी गणना प्रपत्र न बांटे जाने पर एसडीएम ने बीएलओ पर कार्रवाई की संस्तुति की है। करमा एसओ को जड़ेरुआ ग्राम में बूथ संख्या 259 पर तैनात बीएलओ सोनी कुमारी पर प्राथमिकी दर्ज करने के लिए पत्र भेजा है।
एसडीएम आशीष त्रिपाठी ने बताया कि इस समय विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण का कार्य तेजी से किया जा रहा है। विधानसभा घोरावल में कुल मिलाकर 441 मतदेय स्थल है। इन मतदेय स्थलों को 20 अधिकारियों को नोडल बनाते हुए 20-20 मतदेय स्थल आवंटित कर पर्यवेक्षण के लिए लगाया गया है। सभी बूथों पर पंचायत सहायक, शिक्षा मित्र, शिक्षक, नगर निकाय कर्मी, क्षेत्रीय लेखपाल आदि की तैनाती की गई है। मतदेय स्थल 259 की बीएलओ सोनी कुमारी ने अब तक कोई कार्य नहीं किया है। उनके विरुद्ध संबंधित थाने में प्राथमिकी दर्ज कराने के लिए तहरीर दी गई है।
दो शिक्षामित्रों समेत पांच का मानदेय रोका
सोनभद्र। मतदाता सूची के प्रगाढ़ पुनरीक्षण कार्यक्रम में लापरवाही बरतने पर ओबरा एसडीएम विवेक सिंह ने दो शिक्षा मित्रों समेत पांच बीएलओ का मानदेय रोक दिया है। उन्होंने बताया कि बूथ संख्या 178 पर तैनात बीएलओ अरुण कुमार, 182 की बीएलओ अनीता जायसवाल, 194 की बीएलओ सरिता जायसवाल, 209 की सीमा कुमारी और 219 की मंजू गुप्ता का मानदेय रोका गया है। इसमें अरुण और मंजू शिक्षा मित्र हैं, जबकि सीमा अनुदेशक के पद पर कार्यरत हैं। अन्य दो बीएलओ आंगनबाड़ी कार्यकर्ता हैं। संवाद