ब्लाक प्रमुख कासिम हुसैन के आवास पर बड़होर गांव में शुक्रवार को ग्यारहवीं शरीफ के मौके पर जश्न-ए- गौसुलवरा का आयोजन हुआ। इसमें कौवाली और लंगर का आयोजन किया गया।
इसमें हिंदुस्तान के मशहूर कौवाल ठाकुर एवेंद्र सिंह उर्फ छोटे अजीज मियां, मोइन निजामी हमीरपुर और रईस भारती कानपुर ने पूरी रात कव्वाली पेशकर लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
ठाकुर एवेंद्र ने जब अपने कव्वाली की यह लाइन छुपाके दिल में एक राज रखता हूं, अपने उस्ताद की जिंदा आवाज रखता हूं, जो भी जलता है मुझे देखकर तो जलने दो, एक समा अल्लाह की मैं हुसैनी मिजाज रखता हूं, पेशकर शमा बांध दिया और जमकर वाहवाही लूटी।
कौवाली पर लोग जमकर झूमे। इसके बाद कौवाल मोइन निजामी ने चरागे चिस्त शहेवौलिया गरीब नवाज, मेरे हुजूर मेरे पेशवा गरीब नवाज गजल पेश कर लोगों को मुरीद बना लिया।
इस दौरान लोगों ने अल्लाह की शान में नारे लगाए। इसके बाद एक से बढ़कर एक प्रस्तुति की गई। लखनऊ के शहजादा हुजूर शबाहत हसन, अजमेर शरीफ के सलमान और भारतगंज से शहजादा हुजूर शकील भी शरीक हुए और कार्यक्रम का लुत्फ उठाया।