सोनभद्र। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा परिषद (सीबीएसई) की हाईस्कूल व इंटर की परीक्षा 17 फरवरी से आरंभ होगी। पहले दिन हाईस्कूल के गणित विषय की परीक्षा होगी। सुबह साढ़े बजे से परीक्षा शुरू होगी, मगर छात्र-छात्राओं को एक घंटा पहले ही केंद्र पर पहुंचने के निर्देश दिए गए हैं। दस बजे से प्रवेश बंद कर दिया जाएगा।
परीक्षा के लिए रॉबर्ट्सगंज में सनबीम स्कूल, डीएवी सीनियर सेकेंड्री स्कूल चुर्क रोड और सेंट जोसेफ कांवेंट स्कूल को केंद्र बनाया गया है। रॉबर्ट्सगंज के विभिन्न विद्यालयों के बच्चे इन्हीं केंद्रों पर परीक्षा देंगे। ओबरा में डीएवी विद्युत परिषद विद्यालय में परीक्षा कराई जाएगी। वहीं रेणुकूट में केशरी देवी कानोडिया और निर्मला कांवेंट स्कूल में परीक्षा होगी। इसके अलावा अनपरा, रेणुसागर और शक्तिनगर में भी केंद्र बनाए गए हैं। परीक्षा के लिए बोर्ड के निर्देशों के अनुसार सभी केंद्राध्यक्षों को कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं। परीक्षा सुबह साढ़े बजे से दोपहर डेढ़ बजे तक होगी। पहले दिन हाईस्कूल गणित का पेपर होगा। वहीं इंटर की परीक्षा 18 फरवरी को शारीरिक शिक्षा विषय के साथ आरंभ होगा।
परीक्षा के लिए यह भी हैं निर्देश::
0 छात्र-छात्रा परीक्षा केंद्र पर प्रवेश पत्र अनिवार्य रूप से साथ लेकर जाएं। बिना प्रवेश पत्र के परीक्षा हॉल में एंट्री नहीं दी जाएगी।
0 रेगुलर छात्र-छात्राओं को परीक्षा केंद्र पर स्कूल ड्रेस पहनने के लिए दिशा-निर्देश दिए गए हैं। प्राइवेट वर्ग के विद्यार्थी साधारण शर्ट, टीशर्ट और सादी पैंट, ट्राउजर पहन सकते हैं।लड़कियों को भारी ड्रेस, कढ़ाई या विभिन्न लेयरयुक्त कपड़े, पायल, ब्रेसलेट, अंगूठी, नेकलेस जैसे गहने न पहनने को कहा गया है।
0 केंद्र पर कोई भी वर्जित सामान जैसे- स्मार्टवॉच, कैलकुलेटर, मोबाइल फोन, ब्लूटूथ सहित अन्य इलेक्ट्रॉनिक गैजेट लेकर न जाएं।
0 नकल से जुड़ी कोई भी सामग्री साथ लेकर जाना वर्जित है।