शाहगंज। जंग बहादुर सिंह इंटर कॉलेज शाहगंज में फर्जी दस्तावेजों के सहारे परिचारक पद पर नियुक्त चार कर्मचारियों के खिलाफ अब कानूनी कार्रवाई होगी। माध्यमिक शिक्षा निदेशक डॉ. महेंद्र देव ने जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआईओएस) को इन पर प्राथमिकी दर्ज कराने का आदेश दिया है। साथ ही मामले की रिपोर्ट शासन को भेजने के निर्देश दिए गए हैं।
आरोप है कि वर्ष 2010 में कॉलेज प्रशासन ने गुपचुप तरीके से चार परिचारकों की नियुक्ति की थी। करीब छह साल बाद जून 2016 में इस मामले का खुलासा हुआ। तब तक लाखों रुपये का वेतन भुगतान हो चुका था। इसके बाद तत्कालीन जिला विद्यालय निरीक्षक राज शेखर ने 2017 में जांच कर वेतन भुगतान पर रोक लगा दी थी। इसके बाद परिचारक पुनीत कुमार यादव, सनी सिंह, विक्रम और रामरूप ने अपनी नियुक्ति को सही ठहराते हुए हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया। वहीं, 2018 में कॉलेज के नए प्रबंधक राजीव कुमार सिंह ने भी इन नियुक्तियों को अवैध बताते हुए शासन को पत्र लिखा। शासन ने पूरे प्रकरण की जांच के बाद जिला विद्यालय निरीक्षक को निर्देश दिया कि फर्जी दस्तावेजों के आधार पर नौकरी पाने वाले इन चार परिचारकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई जाए। प्रबंधक राजीव कुमार सिंह ने आदेश की पुष्टि करते हुए बताया कि निर्देशों के आधार पर कार्रवाई की जा रही है।