दुद्धी। नगर के अमवार रोड पर स्थित एक प्राइवेट क्लीनिक में सोमवार को प्रसव के दौरान महिला की हुई मौत के मामले में पुलिस ने चिकित्सक के विरुद्ध गैर इरादतन हत्या समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। यह कार्रवाई मृतका के पति संतोष की तहरीर पर हुई। उधर चिकित्सक के खिलाफ कार्रवाई होने से नगर और आसपास के इलाकों में चंद रुपयों की लालच में मरीजों के जान के साथ खिलवाड़ करने वाले झोलाछाप डॉक्टरों में खलबली मच गई है।
थाना प्रभारी निरीक्षक पंकज सिंह ने बताया कि मृतक महिला के पति संतोष कुमार यादव पुत्र बच्चा लाल निवासी छतरपुर थाना विंढमगंज के तहरीर पर चिकित्सक मनोज कुमार मौर्य निवासी गुलाल झरिया के विरुद्ध मामला पंजीकृत किया गया है। मृतका अंजली देवी के पति ने आरोप लगाया है कि डिलिवरी के दौरान चिकित्सक के द्वारा लापरवाही बरती गई जिससे उसकी पत्नी की मौत हो गई। मंगलवार को दुद्घी सीएचसी में शव का पीएम करवा कर घरवालों को सुपुर्द कर दिया गया। थानाध्यक्ष ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। बता दें कि अंजली को सोमवार को अमवार रोड स्थित एक प्राइवेट क्लिनिक में ऑपरेशन से डिलिवरी के दौरान मौत हो गई थी।