मारकुंडी घाटी में शुक्रवार को श्रद्धालुओं से भरी डबल डेकर बस पलटने के मामले में पुलिस ने बस चालक के विरुद्ध केस दर्ज किया है। उस पर लापरवाही पूर्वक बस चलाने का आरोप है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
उधर, हादसे के बाद बस सवार लोगों को शनिवार की दोपहर में दूसरी बस से आगे के लिए रवाना किया। इससे पहले वह रात भर जिला अस्पताल परिसर में ही पेड़ के नीचे शरण लिए रहे।
छत्तीसगढ़ के कबीरनगर जिले से 60 श्रद्धालुओं को लेकर जौनपुर की बस प्रयागराज, वाराणसी होते हुए गया जाने के लिए बृहस्पतिवार को रवाना हुई थी। सभी श्रद्धालु पिंडदान के लिए गया जा रहे थे।
शुक्रवार की शाम मारकुंडी घाटी में चढ़ाई पर दूसरे मोड़ के पास बस अनियंत्रित होकर पलट गई। इस हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि 44 अन्य लोग घायल हुए थे। सभी घायलों का जिला अस्पताल में उपचार कराया गया।
इसके बाद सभी घायल जिला अस्पताल परिसर में ही पुलिस चौकी के सामने पेड़ के नीचे शरण लिए रहे। रात भर इंतजार के बाद शनिवार को दोपहर में दूसरी बस आने पर वह आगे रवाना हुए। कोतवाली प्रभारी सत्येंद्र राय ने बताया कि अज्ञात बस चालक पर केस दर्ज किया गया है। उसकी तलाश की जा रही है।