विंढमगंज (सोनभद्र)। छह दिन पूर्व महुली गांव के पास सड़क हादसे में बालक की मौत के बाद रांची-रीवा मार्ग पर जाम लगाने वाले 43 लोगों पर पुलिस ने केस दर्ज किया है। ग्राम प्रधान समेत 18 लोग नामजद किए गए हैं, जबकि 25 अज्ञात हैं। पुलिस उनकी तलाश में जुटी है।
गत 31 दिसंबर की शाम करीब पांच बजे घर के सामने खेल रहे मिथिलेश यादव के आठ वर्षीय पुत्र अंकुश की मौत बोलेरो से कुचलकर हो गई थी। इससे खफा ग्रामीणों ने नेशनल हाईवे पर जाम लगाकर नाराजगी की थी। पुलिस ने किसी तरह उग्र लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया था।
इस मामले में पुलिस ने फुलवार गांव के प्रधान दिनेश यादव समेत 18 के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज किया है। इसके साथ ही 25 अज्ञात लोगों के खिलाफ विंढमगंज थाने में विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। मुकदमा दर्ज करते हुए पुलिस मामले की छानबीन शुरू कर दी है। इससे घटना के बाद जाम लगाने वालों में हड़कंप की स्थिति बनी हुई है। कार्रवाई से ग्रामीणों आक्रोश भी है। थाना प्रभारी श्याम बिहारी ने बताया कि सड़क जाम कर आवागमन को अवरुद्ध करने पर कार्रवाई की गई है। संबंधिताें की तलाश की जा रही है।