प्रशासन ने डीजल-पेट्रोल की घटतौली करने वाले पंप मालिकों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है। रविवार को तीन पेट्रोल पंप संचालकों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पुलिस ने केस दर्ज किया।
रविवार को राबर्ट्सगंज कोतवाली में पूर्ति निरीक्षक अभिषेक कुमार की तहरीर पर मेसर्स मुन्नीलाल पेट्रोल पंप की मालिकन रीना सिंह के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस के मुताबिक डीएम की ओर से पेट्रोल पंपों की जांच के लिए बनी टीम ने 18 मई 2017 को मेसर्स मुन्नी लाल पेट्रोल पंप राबर्ट्सगंज पर छापेमारी की थी।
इस दौरान अतिरिक्त एसडीएम अशोक कुुमार यादव, क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी रामजतन यादव, विधि विज्ञान के वरिष्ठ निरीक्षक जितेंद्र कुुमार, इंस्पेक्टर अतुल सिंह, पूर्ति निरीक्षक अभिषेक कुमार समेत अन्य अधिकारियों ने संयुक्त रूप से पंप से पांच लीटर पेट्रोल का सैंपल लेकर माप किया। जिसमें करीब 40 एमएल पेट्रोल कम निकला।
टीम ने जांच रिपोर्ट डीएम को सौंप दी। डीएम की अनुमति मिलने के बाद रविवार को पूर्ति निरीक्षक ने पंप मालिकन के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी। सीटी क्षेत्राधिकारी धनंजय सिंह कुशवाहा ने बताया कि पूर्ति निरीक्षक अभिषेक कुुमार की तहरीर पर मेसर्स मुन्नीलाल पेट्रोल पंप बढ़ौली चौराहा राबर्ट्सगंज की स्वामिनी रीना सिंह के खिलाफ संबंधित धारा में मुकदमा पंजीकृत कर अग्रिम कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
इसी तरह केकराही संवाददाता के अनुसार करमा थाने में क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी राम जतन यादव की तहरीर पर मेसर्स जय शिव फिलिंग स्टेशन के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ है। पुलिस ने बताया कि पिछले दिनों जिला खाद्य अधिकारी राम जतन यादव ने मेसर्स जय शिव फिलिंग स्टेशन पर छापेमारी कर नोजल की जांच की थी।
एक नोजल से ऑयल कम निकलते पाया गया। जांच अधिकारी ने डीएम को जांच रिपोर्ट सौंपी। डीएम ने रिपोर्ट का अवलोकन करने के बाद मेसर्स जय शिव फिलिंग स्टेशन के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने का निर्देश दिया। पुलिस ने बताया कि जिला खाद्य अधिकारी राम जतन यादव की तहरीर पर मेसर्स जय शिव फिलिंग स्टेशन खैराही के खिलाफ संबंधित मुकदमा दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
इसी तरह से दुद्धी संवाददाता के अनसाार घटतौली की शिकायत सही पाए जाने पर कोतवाली पुलिस ने पेट्रोल पंप संचालक के विरुद्ध आवश्यक वस्तु अधिनियम की धारा 3/7 के तहत मुकदमा दर्ज किया है। डीएम के निर्देश पर एआरओ जीतलाल यादव की तहरीर पर महावीर सर्विस स्टेशन डुमरडीहा के संचालक म्योरपुर निवासी सुभाष चंद्र के विरुद्ध केस दर्ज किया गया है।
बता दें कि एसडीएम अशोक कुमार, डीएसओ राकेश तिवारी, एआरओ जीतलाल यादव सहित छह सदस्यीय टीम ने डुमरडीहा पेट्रोल पंप की नोजल की जांच छह जून को की थी, जिसमें प्रति पांच लीटर पेट्रोल में 30 एमएल पेट्रोल कम पाया गया था। जिसकी रिपोर्ट जांच टीम ने डीएम को सौंपी थी। डीएम ने मामले को गंभीरता से लेते हुए उक्त पेट्रोल पंप संचालक पर मुकदमा दर्ज कराए जाने का निर्देश दिया था। इस कार्रवाई के बाद पेट्रोल पंप संचालकों में हड़कंप मच गया है।