मेडिकल काॅलेज के प्राचार्य की तहरीर पर राॅबर्ट्सगंज कोतवाली पुलिस ने सरकारी संपत्ति के नुकसान मामले रिलायंस जियो कंपनी और ठेकेदार के विरुद्ध केस दर्ज किया है।
मेडिकल काॅलेज के प्राचार्य डॉ. सुरेश कुमार ने पुलिस को ऑनलाइन भेजे गए प्रार्थना पत्र में चिकित्सालय परिसर में अनधिकृत रूप से सड़क पर हो रही खोदाई को रोकने की मांग की।
उन्होंने बताया कि रिलायंस जियो कंपनी की ओर से बिना अनुमति चिकित्सालय परिसर में सड़क के किनारे खोदाई कर केबल डाला जा रहा है। इस खोदाई के दौरान अप्रैल महीने में डायलिसिस यूनिट की पानी की पाइप कट गई थी।
इसे ठीक कराने में काफी समय लगा। इसके बाद काम बंद कराकर कंपनी को रोड ठीक करने को कहा गया था। तब कंपनी ने कार्य रोक दिया था। अब पुनः बिना काम किया जाने लगा है।
गत 24 मई को कार्य करने के दौरान डायलिसिस यूनिट की बिजली का केबल काट दिया गया। इससे पिछले 36 घंटे से डायलिसिस यूनिट में बिजली बाधित है। कई बार फोन करने के बावजूद भी न ही कोई मौके पर आया और न ही इसे ठीक कराया गया।
पुलिस ने प्राचार्य की तहरीर पर रिलायंस जियो कंपनी और ठेकेदार हरगोविंद पांडेय के विरुद्ध केस दर्ज किया है।