सोनभद्र। तीन दिन पूर्व राबर्ट्सगंज के हाइडिल मैदान के पास एक गैस एजेंसी के चालक की पिटाई करने के मामले में शनिवार को पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। पीड़ित चालक की तहरीर पर एक नामजद और सात अज्ञात के खिलाफ बलवा, मारपीट समेत अन्य धाराओं मेें केस दर्ज किया गया है।
पुलिस ने बताया कि राबर्ट्सगंज इमरती कालोनी निवासी राम नारायण एक गैंस एजेंसी का वाहन चालक है। उसका आरोप है कि आठ अप्रैल की शाम उसके साथ काम करने वाले एक कर्मचारी ने कुछ लोगों के साथ मिलकर उसे पीटकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। इसके बाद हमलावर घटना की सूचना पुलिस को देने पर जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। इस संबंध में चौकी प्रभारी कांशीराम बृजेश दूबे का कहना है कि पीड़ित चालक की तहरीर पर आरोपी रविंद्र और छह-सात अज्ञात के खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर खोजबीन की जा रही है।