सोनभद्र। कोरोना पर अंकुश लगाने के लिए जिला प्रशासन की ओर से हरसंभव प्रयास किया जा रहा है। लोगों को टीका लगवाने के लिए अभियान चलाकर प्रेरित किया जा रहा है। इसके बाद भी ग्रामीण क्षेत्रों में अधिकांश लोग टीका लगवाने में रुचि नहीं ले रहे हैं। अब आपूर्ति विभाग भी लोगों को जागरूक करेगा। जिलापूर्ति अधिकारी ने सभी कोटदारों को निर्देश दिया है कि कार्डधारकों को टीका लगवाने के लिए प्रेरित करें। कोरोना का टीका लगवा चुके कार्डधारकों को वरीयता के आधार पर राशन वितरित करने का निर्देश दिया है।
सरकार ने अन्त्योदय व पात्र गृहस्थी के काडधारकों को मुफ्त में राशन देने का निर्णय लिया है। अन्त्योदय कार्डधारक को सरकार 35 किलो गेहूं, चावल प्रति कार्ड देती है जबकि पात्र गृहस्थी के कार्ड धारकों को तीन किलो गेहूं और 2 किलो चावल प्रति यूनिट दिया जाता है। योजना के तहत समस्त कार्डधारकों को प्रति यूनिट पांच किग्रा खाद्यान्न माह मई और जून में मुफ्त वितरित किया जाएगा। यह खाद्यान्न राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा योजना के अतिरिक्त होगा। माह जून, जुलाई एवं अगस्त में राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा योजना के तहत नि:शुल्क वितरण कराया जाएगा। जिले में वर्तमान में तीन लाख 40 हजार 982 पात्र गृहस्थी एवं 60 हजार 558 अन्त्योदय कार्डधारक हैं। दोनों मिलाकर 4 चार लाख एक हजार 539 कार्डधारकों के 1499092 यूनिट योजना से लाभान्वित होंगे। प्रतिदिन वितरण प्रणाली की दुकानों पर राशन लेने के लिए कार्डधारक पहुंच रहे हैं। कभी-कभी ई-पॉश मशीनों में नेटवर्क कम होने से धीमी गति से चलती है, ऐेसे में कार्डधारकों को इंतजार करना पड़ता है। अब 45 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके ऐसे कार्डधारक जिन्होंने अभी तक कोरोना का टीका नहीं लगवाया है उन्हें और ज्यादा समय तक इंतजार करना पड़ सकता है। वितरण प्रणाली के दुकानदार वरीयता के आधार पर सर्वप्रथम कोविड का टीका लगवाने वाले कार्डधारकों को राशन वितरित करेंगे।
सभी कोटेदारों को कोरोना टीका लगवाने के लिए कार्डधारकों को प्रेरित करने का निर्देश दिया गया है। कोरोना का टीका लगवा चुके कार्डधारकों को वरीयता के आधार पर राशन दिया जाएगा। सरकार की गाइड लाइन के दायरे में आने वाले सभी लोगों को टीका लगवाना चाहिए।-डॉ. राकेश तिवारी, जिला पूर्ति अधिकारी सोनभद्र।