राशन वितरण की नई व्यवस्था में दुश्वारियां दूर नहीं हो पा रही हैं। नेटवर्क की धीमी गति और तकनीकी खामियों से आए दिन कार्डधारक परेशान हो रहे हैं। बृहस्पतिवार को फिर नेटवर्क के कारण वितरण व्यवस्था बाधित हुई तो घंटे भर से कतार लगाए कार्डधारक उग्र हो गए। नगर की क्रय विक्रय सहकारी समिति स्थित कोटे की दुकान पर कार्डधारकों ने जमकर हंगामा मचाया। सड़क पर उतरकर नारेबाजी की।
नगर के सहकारी समिति स्थित कोटे की दुकान पर बृहस्पतिवार को राशन लेने पहुंचे कार्डधारक नेटवर्क के अभाव में मशीन न चलने से भड़क उठे। नाराजगी जताते हुए हंगामा मचाने लगे। कार्डधारक पार्वती, सुमित, दुर्गावती, सीता, दिव्या, प्रिया, प्रियंका, आरती, कमलेश, शंकर आदि का कहना था कि वह कई दिनों से दुकान पर आ रहे हैं, लेकिन हर दिन घंटे भर इंतजार के बाद कोई न कोई दिक्कत बताकर राशन नहीं दिया जा रहा। इसके चलते कई परिवारों के समक्ष परेशानी बढ़ गई है।कार्डधारकों ने सड़क पर प्रदर्शन भी किया। मौके पर पहुंची पुलिस ने उपभोक्ताओं को समझा बुझा कर शांत कराया।