राबर्ट्सगंज सांई चौक पर दुकान खोलने को लेकर व्यापारियों से वार्ता करते एसडीएम यमुनाधर चौहान।
- फोटो : SONBHADRA
सोनभद्र। कोरोना के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए प्रदेश सरकार के सप्ताह में दो दिन बाजार की बंदी का व्यापारियों ने समर्थन किया है। उनका कहना है कि ऐसे में कोरोना की चेन को तोड़ा जा सकेगा। व्यापारियों ने सरकार के लिए गए इस निर्णय का स्वागत करते हुए इस पर अमल करने का संकल्प लिया। कहा कि सरकार की मंशा के अनुरूप वह शनिवार और रविवार को जनहित में दुकानें बंद रखेंगे। उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल के प्रदेश उपाध्यक्ष सत्यपाल जैन ने कहा कि कोरोना वायरस की मरीजों में लगातार इजाफा हो रहा है। इस पर रोक लगाने के लिए सरकार जो फैसला लेगी उसका पूर्ण समर्थन किया जाएगा। कहा कि वर्तमान स्थिति को देखते हुए सरकार ने सही फैसला लिया है। उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के जिलाध्यक्ष रतन लाल गर्ग ने कहा कि सरकार के शनिवार और रविवार को बाजार बंद करने के फैसले से व्यापारियों को अवगत कराया जा रहा। उन्होंने बंदी को उचित ठहराया। कहा कि संक्रमण को रोकने के लिए यह कदम उठाया जाना बेहद जरूरी था। उद्योग व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष राजेश गुप्ता ने कहा कि जिस रफ्तार से कोरोना संक्रमण पांव पसार रहा है उसको देखते हुए सरकार का बंदी का निर्णय उचित है। इससे संक्रमण के विस्तार पर नियंत्रण हो सकेगा और सभी लोग सुरक्षित रहेंगे। लोगों को चाहिए कि सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करें और घर से निकलते वक्त फेस मास्क अवश्य लगाएं।