सेक्टर नौ स्थित रामलीला मैदान में आयोजित कैनवस बाल क्रिकेट प्रतियोगिता का फाइनल मैच टाइटन क्लब और सेक्टर नौ ब्वायज क्लब के बीच खेला गया।
इसमें सेक्टर नौ ब्वायज क्लब की टीम ने जीत हासिल कर विजेता ट्राफी अपने नाम कर लिया। टास जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए टाइटन क्लब की टीम निर्धारित 12 ओवर में चार विकेट खोकर 118 रन बना सकी।
सर्वाधिक सूर्य प्रकाश ने 24 गेंदों पर 40 रन जबकि अशरफ ने 18 गेंदों में 33 रन, नीटू ने 20 गेंदों में 37 रनों का योगदान दिया।
वहीं अंकित और मुकेश ने दो-दो विकेट झटके। जवाब में सेक्टर नौ की टीम ने मैच की अंतिम गेंद पर छह विकेट खोकर लक्ष्य प्राप्त कर लिया।
सेक्टर नौ की ओर से राजेश थापा ने 31 गेंदों में 52 रन, मयंक ने 11 गेंदों में 30 रनों की विजयी पारी खेली। उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सेक्टर नौ टीम के खिलाड़ी राजेश थापा को मैन आफ द मैच चुना गया।
विजेता टीम को मुख्य अतिथि रमेश सिंह यादव ने ट्राफी प्रदान की। इस मौके पर संतोष मिश्रा, सौरभ अग्रवाल, राजू यादव, सुशील यादव, श्रवण कुमार, गिरि बाबा, मुकेश तिवारी, प्रखर श्रीवास्तव, कलीम खान आदि मौजूद रहे।