ज्यादातर सड़क हादसों में बगैर नंबर प्लेट वाली ट्रकों की तेज रफ्तार और गलत साइड वाहन चलाने वालों, खासकर बाइक लेकर गलत साइड से चलने वालों को चपेट में आने की स्थिति को देखते हुए एसपी ने विशेष अभियान चलाने का निर्देश दिया था। इसके क्रम में रविवार को ट्रकों व बड़े वाहनों के चेकिंग का खास अभियान चलाया गया।
इस दौरान नियमों का उल्लंघन व बगैर नंबर प्लेट संचालन में 185 वाहनों का चालान किया गया और पांच को सीज करने की कार्रवाई की गई। सोमवार को बाइक लेकर गलत साइड चलने वालों पर अंकुश की विशेष मुहिम चलाई गई। इस अभियान की अगुवाई के लिए एसपी खुद सड़क पर उतर पड़े।
उन्होंने सीओ ट्रैफिक के साथ चुर्क तिराहे के गलत साइड से आ रहे वाहन चालकों को रोककर नियमों की याद दिलाई। बगैर हेलमेल बाइक चलाने वालों को नियमों के पालन और हेलमेट लगाकर ही बाइक चलाने के प्रति सचेत किया गया। साथ ही वाहनों के चालान की कार्रवाई की गई। स्टंटबाजी में प्रयुक्त होने वाले वाहनों पर भी शिकंजा कसा गया और कार्रवाई की गई।
सुकृत, मारकुंडी, चोपन, रेणुकूट, अनपरा, शक्तिगर सहित 10 जगहों पर विशेष अभियान चलाया गया। इस दौरान 250 वाहनों के चालान की कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान तीन ऐसे चारपहिया वाहन मिले जो विधायक का अनधिकृत पास लगाकर चलते मिले। पास उतरवाने के साथ ही जहां एमवी एक्ट के तहत कार्रवाई की गई। वहीं पास फर्जी तो नहीं है, इसकी भी जांच कराई जा रही है।