बभनी क्षेत्र में पीडीए जन पंचायत में एकजुटता का आवाह्न करते अतिथि।स्रोत स्वयं
बभनी। सपा की ओर से बुधवार को विधानसभा क्षेत्र दुद्धी के बभनी ब्लॉक के ग्राम दरनाखाड़ में पीडीए जन पंचायत का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि एवं पूर्व मंत्री राज नारायण बिंद ने कहा कि सपा ने हमेशा आदिवासियों को सम्मान और अधिकार दिलाने का काम किया है। उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव के कार्यकाल में आदिवासी क्षेत्र के लिए कई ऐतिहासिक कार्य हुए और आरक्षण लागू कराकर विभिन्न पंचायत पदों पर प्रतिनिधित्व का अधिकार दिलाया गया। उन्होंने कहा कि सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भी मुख्यमंत्री रहते दुद्धी विधानसभा क्षेत्र के विकास के लिए कई कार्य किए। उन्होंने कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों से आगामी विधानसभा चुनाव में सपा प्रत्याशी को समर्थन देकर अखिलेश यादव के हाथ मजबूत करने का आह्वान किया। सपा जिलाध्यक्ष रामनिहोर यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार में समाजवादी पेंशन, लोहिया आवास, वृद्धा, विधवा और दिव्यांग पेंशन जैसी योजनाओं के माध्यम से लोगों को लाभ पहुंचाया गया। उन्होंने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में सपा को मजबूत करने के लिए सभी वर्गों को एकजुट होना होगा। इस दौरान रवि बिंद, पन्नालाल, अवध नारायण यादव, बिरझन, रामनारायण गोंड, कन्हैया लाल, अशोक खरवार, नंदलाल खरवार, विजय शंकर यादव आदि मौजूद रहे।