ओबरा। शारदा मंदिर चौराहे के पास बुधवार की दोपहर पारेषण लाइन के नीचे झाड़ियों में आग लग गई। मौके पर पहुंचे सीआईएसएफ के दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाया।
बुधवार की दोपहर शारदा मंदिर चौराहे के पास स्थित एक पहाड़ी की झाड़ियों में अज्ञात कारणों से आग लग गई। तेज हवा और गर्मी के कारण आग ने कुछ ही समय में विकराल रूप धारण कर लिया। किसी ने डायल 112 को सूचना दी। पुलिस के जवानों ने तत्काल ओबरा तापीय परियोजना के सीआईएसएफ दमकल कर्मियों को अवगत कराया। मौके पर पहुंचे दमकल जवानों ने काफी मेहनत के बाद झाड़ियों में लगी आग पर काबू पा लिया। मौके पर पहुंचे सीआईएसएफ फायर इकाई के एसआई राजकुमार ने बताया कि आग की सूचना मिलते ही वह अपने जवानों के साथ निकल पड़े, लेकिन रास्ते में बाजार होने पर दमकल वाहन का सायरन बजने के बाद भी लोग जाने का रास्ता देने में कोताही करते रहे। उन्होंने लोगों से अपील की कि जब भी आपात स्थिति में जा रहे दमकल वाहनों को जाते हुए देखें तो उसे तुरंत रास्ता दें, जिससे समय रहते होने वाली बड़ी क्षति को रोका जा सके।